बल्हौंड में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, नदी का सीना चीरकर बना डाली अवैध सड़क
रातभर ट्रैक्टरों से रेत का उत्खनन, विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकी देने का आरोप, खनिज विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
उमरिया। जिले में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के प्रशासनिक दावों के बीच जनपद पंचायत मानपुर की ग्राम पंचायत बल्हौंड में रेत माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने नदी के बीच से ही रास्ता बना डाला। आरोप है कि नदी के प्राकृतिक घाट को काटकर बनाई गई इस अवैध सड़क के जरिए रातभर ट्रैक्टरों से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, हालात यह हैं कि खनिज विभाग की निगरानी और कार्रवाई के दावों के बीच अवैध कारोबारियों ने मानो अपने लिए अलग रास्ता तैयार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बल्हौंड के मुहबला गांव की बस्ती से लगे चंदिन घाट पर नदी के भीतर रास्ता बनाया गया है। इस स्थान से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर आबादी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब बस्ती के लोगों ने नदी में सड़क बनाने और रेत निकालने पर आपत्ति जताई तो उन्हें डराया-धमकाया गया। यहां तक कहा गया कि यदि कोई ट्रैक्टर के सामने आया तो उसके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया जाएगा। कथित तौर पर यह भी धौंस दी गई कि उनकी ऊपर तक सेटिंग है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
इस पूरे मामले ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर शासन अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नदी का घाट काटकर सड़क बनाने और रातभर ट्रैक्टर चलने की शिकायतें सामने आना निगरानी व्यवस्था की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर अवैध रास्ते को बंद कराने, उत्खनन पर रोक लगाने और धमकी देने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?