राष्ट्रीय कवि संगम के पितृ पुरुष जगदीश मित्तल परमार्थी को साहित्यकारों ने अर्पित की भावांजलि

Sep 12, 2026 - 11:02
 0  13
राष्ट्रीय कवि संगम के पितृ पुरुष जगदीश मित्तल परमार्थी  को साहित्यकारों ने अर्पित की भावांजलि

शहडोल। राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संघ प्रचारक पूज्य बाबू श्री जगदीश परमार्थी जी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन गुरुवार को राष्ट्रीय कवि संगम शहडोल की जिलाध्यक्ष श्रीमती अंजू सिंह बघेल के बाणगंगा स्थित निवास पर किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि संगम विंध्य प्रांत संरक्षक एवं संचालक मृगेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बाबूजी के साथ बिताए अनेक प्रेरणास्पद संस्मरण साझा किए। श्रीराम वन गमन पथ काव्य यात्रा के दौरान शहडोल आगमन तत्पश्चात ब्यौहारी में बृहद काव्य आयोजन बाबूजी की विशेष कृपा का ही प्रसाद था। ज्ञातव्य है स्वयं कवि न होते हुए भी बाबूजी ने हजारों रचनाकारों को राष्ट्रीय कवि संगम के माध्यम से मंच प्रदान कर काव्य को राष्ट्रीय भावना एवं संस्कृति से जोड़ते हुए जो एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया है।  वह वंदनीय है, अभिनंदनीय है ।  बाबूजी की निस्वार्थ, समर्पित, प्रेरक एवं स्नेहिल कार्य व्यवहार और पद्धति को विशेष याद किया गया। जिन्हें सुनकर राष्ट्रीय कवि संगम के सदस्य भावुक हो उठे। 

          उपस्थित साहित्यकारों एवं पदाधिकारियों ने बाबू श्री जगदीश परमार्थी जी के व्यक्तित्व, कृतित्व, राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके समर्पण तथा साहित्यिक योगदान को स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

          इस अवसर पर बाबूजी के विचारों एवं उनके द्वारा दिए गए “राष्ट्र जागरण, धर्म हमारा” के उद्घोष को स्मरण किया गया। उपस्थित साहित्यकारों ने कहा कि बाबूजी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र जागरण, भारतीय संस्कृति, साहित्य और समाज में सकारात्मक चेतना के प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनके विचार, संस्कार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

          श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित साहित्यकारों एवं पदाधिकारियों ने बाबूजी से जुड़े अपने-अपने संस्मरण साझा किए तथा उनसे संबंधित एवं उन्हें समर्पित रचनाओं का पाठ कर भावांजलि अर्पित की। उनके अनेक अनेक चाहने वालों ने अलग-अलग माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। विश्वास है बाबूजी सूक्ष्म रूप में उपस्थित रहकर अपनी प्रेरणा एवं आशीर्वाद से हम सब का सतत मार्गदर्शन करते रहेंगे।

          श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रीय कवि संगम के मार्गदर्शक रजनीश सोनी, संयोजिका एवं मार्गदर्शक श्रीमती नलिनी तिवारी, विंध्य संरक्षक एवं संचालक मृगेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष श्रीमती अंजू सिंह बघेल, उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता शुक्ला, मार्गदर्शक श्रीमती जनक कुमारी बाघेल, श्रीमती किरण सिंह ‘शिल्पी’, सोशल मीडिया प्रभारी अनिल प्रभात शुक्ला, महामंत्री रवींद्र वैद्य, सह-उपाध्यक्ष पद्म प्रकाश नापित, मीडिया प्रभारी शिरीष नंदन श्रीवास्तव, चक्रधर सिंह सहित अन्य साहित्यकार एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

          अंत में सभी उपस्थितजनों ने पूज्य बाबू श्री जगदीश परमार्थी जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा “राष्ट्र जागरण, धर्म हमारा” के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रण लिया। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमपिता परमेश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow