NSUI की मेहनत रंग लाई, लगातार संघर्ष और प्रयासों से मिली बड़ी जीत, छात्रों की दो प्रमुख मांगें हुईं पूरी
NSUI जिला उमरिया के लगातार आंदोलन और संघर्ष का असर, पूरक परीक्षा की फीस ₹1600 से घटकर ₹700 हुई,
उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच शुरू
यह जीत NSUI के प्रत्येक साथी और छात्र-छात्राओं के संघर्ष की जीत है -असलम शेर, जिला अध्यक्ष, NSUI
उमरिया - जिले के महाविद्यालयों में परीक्षा परिणामों को लेकर छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानियों एवं कथित अनियमितताओं के विरोध में NSUI जिला उमरिया द्वारा लगातार संघर्ष किया जा रहा था। पिछले 13 दिनों से NSUI के साथी एवं छात्र-छात्राएं अपनी चार प्रमुख मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे थे। NSUI के निरंतर प्रयासों, आंदोलन और संघर्ष का असर अब दिखाई देने लगा है। संगठन के संघर्ष के परिणामस्वरूप दो प्रमुख मांगें पूरी हुई हैं, जिसे NSUI जिला उमरिया ने छात्रों के संघर्ष की बड़ी जीत बताया है। NSUI के लगातार प्रयासों के बाद पहली सफलता पूरक परीक्षा की फीस में कमी के रूप में मिली है। पहले जहां पूरक परीक्षा के लिए 1600 रुपये शुल्क लिया जा रहा था, वहीं अब इसे घटाकर 700 रुपये कर दिया गया है। इससे आर्थिक रूप से परेशान छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है। वहीं दूसरी प्रमुख मांग परीक्षा परिणामों में सुधार को लेकर थी। NSUI द्वारा लगातार उठाई जा रही मांग के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराई जा रही है, ताकि परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों का सुधार हो सके और विद्यार्थियों को न्याय मिल सके।
इस सफलता पर NSUI जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने कहा कि यह जीत NSUI के प्रत्येक साथी, संघर्ष करने वाले छात्र-छात्राओं और उन सभी विद्यार्थियों की है, जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाई। पिछले 10 दिनों से लगातार किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। संगठन का उद्देश्य हमेशा छात्रों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। परीक्षा परिणामों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को ATKT मिलने और मूल्यांकन व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच मूल्यांकन प्रभारी को पद से हटाने की मांग अभी भी बाकी है। जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, NSUI का संघर्ष जारी रहेगा। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। NSUI जिला उमरिया ने कहा कि दो प्रमुख मांगों का पूरा होना छात्रों की एकजुटता और संगठन के निरंतर संघर्ष की जीत है, लेकिन अंतिम मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?