दीपावली से पहले मोहन सरकार का कर्मचारियों को तोहफा, डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2 प्रतिशत का इजाफा, नौ माह के एरियर का तीन किश्तों में होगा भुगतान
भोपाल। दीपावली से पहले मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से देय होगा। वहीं, प्रदेश के पेंशनर्स को भी राहत देते हुए उनकी महंगाई राहत (डीआर) में जुलाई 2026 से 2 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 तक के नौ माह के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किश्तों में किया जाएगा। वहीं, अक्टूबर माह के वेतन, जिसका भुगतान नवंबर में होगा, से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। उनके कल्याण और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?