किसानों को हर साल मिल रही 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
सम्मान और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 6 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इस तरह प्रदेश के पात्र किसानों को सालाना कुल 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि का महत्व केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों के प्रति सरकार के सम्मान, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक भी है। इस सहायता के माध्यम से किसानों को यह भरोसा दिलाया जा रहा है कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनके परिश्रम तथा देश के विकास में योगदान का पूरा सम्मान करती है।
डॉ. यादव ने इस अभिनव पहल और किसानों के प्रति संवेदनशील सोच के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के विकास और जनकल्याण के लिए जो संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा करने में मध्यप्रदेश सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान, उनका सशक्तीकरण और उनके जीवन में खुशहाली लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
What's Your Reaction?