जैन मंदिर में लाखों के जेवरात और प्राचीन मूर्तियां चोरी

Mar 11, 2026 - 22:41
 0  12
जैन मंदिर में लाखों के जेवरात और प्राचीन मूर्तियां चोरी

नरसिंहपुर/गोटेगांव:- नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामनिवारी स्थित प्राचीन शीतलनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मंदिर के ताले तोड़कर अंदर रखे भगवान के बहुमूल्य आभूषण, सैकड़ों वर्ष पुरानी मूर्तियां तथा दान पेटी की नगदी सहित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और जैन समाज सहित ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर के चार ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे भगवान के 11 छत्र, 2 सिंहासन, भगवान की दो प्राचीन मूर्तियां तथा दान पेटी में रखे लगभग 50 हजार रुपये नगद चुरा लिए। चोरी गए पूरे सामान की अनुमानित कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है। विशेष बात यह है कि चोरी हुई मूर्तियां सैकड़ों वर्ष पुरानी बताई जा रही हैं, जिनका धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी काफी अधिक है।

घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब बगासपुर निवासी रानू जैन प्रतिदिन की तरह प्रातःकालीन पूजन करने मंदिर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने मंदिर का बाहरी गेट खोला और अंदर प्रवेश किया तो दरवाजे खुले और ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर के अंदर का दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल मंदिर समिति के अध्यक्ष भानू जैन को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मंदिर समिति के पदाधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वहीं मामले की जानकारी गोटेगांव थाना प्रभारी प्रदीप सराफ और एसडीओपी मनीष त्रिपाठी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नरसिंहपुर से डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों के अनुसार घटना संभवतः रात लगभग दो से ढाई बजे के बीच की है, क्योंकि उसी समय गांव में कुत्तों के भौंकने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। माना जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी और योजना के साथ मंदिर में चोरी करने पहुंचे थे।

इस घटना से रामनिवारी सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और जैन समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए प्राचीन धार्मिक धरोहरों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ajay Singh Rajput District chief Narmadapuram