झाला-खैरवार में रेत उत्खनन पर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

Oct 31, 2026 - 17:42
 0  3
झाला-खैरवार में रेत उत्खनन पर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

पहले वन सीमांकन, फिर उत्खनन की मांग, तीन दिन का अल्टीमेटम-नहीं तो खदानों के बाहर होगा प्रदर्शन

उमरिया।  झाला एवं खैरवार क्षेत्र में बाबा महाकाल कंपनी द्वारा किए जा रहे रेत उत्खनन को लेकर युवा कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। खदान की सीमा और वन क्षेत्र में कथित खुदाई की शिकायत को लेकर संगठन ने तहसीलदार चंदिया को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जाँच की मांग की है। साथ ही प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए कार्रवाई नहीं होने पर खदानों के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

          ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि झाला रेत खदान का कुछ हिस्सा वन क्षेत्र में आता है और वहां भी खुदाई किए जाने की शिकायत है। युवा कांग्रेस ने पूर्व में वन क्षेत्र में हुए उत्खनन की भी जाँच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पहले वन भूमि का स्पष्ट सीमांकन होना चाहिए,ताकि यह पता चल सके कि खदान की स्वीकृत सीमा कहां तक है।सीमा तय होने के बाद ही उत्खनन की अनुमति दी जानी चाहिए।  आखिर सीमा स्पष्ट किए बिना खुदाई की अनुमति कैसे दी जा सकती है?  युवा कांग्रेस ने राजस्व, खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम से मौके पर जाँच कराने, स्वीकृत क्षेत्रफल, नक्शा और खसरा नंबर का मिलान करने तथा सीमांकन संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। 

          अवैध उत्खनन की पुष्टि होने पर खुदाई रोककर संबंधित कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।  संगठन ने चेतावनी दी है कि तीन दिन में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो खदानों के बाहर आंदोलन किया जाएगा।  अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी गंभीरता दिखाता है और जाँच के लिए मौके पर कब पहुंचता है।  ज्ञापन सौंपने वालों में शोएब खान, गुरदीन चौधरी, मुकीम अहमद, हिमांशु सिंह, असब खान, घनश्याम प्रजापति, जय दुबेड़ी, अमित दुबेड़ी, विजय सिंह, राहुल चौधरी, दीपक कोल सहित अन्य लोग शामिल रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow