करण गौतम का अंतरराष्ट्रीय हॉकी में चयन, दो गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव

Oct 31, 2026 - 21:56
 0  53
करण गौतम का अंतरराष्ट्रीय हॉकी में चयन, दो गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव

उमरिया। जिले के होनहार हॉकी खिलाड़ी करण गौतम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उमरिया जिले का नाम रोशन किया है। करण गौतम का चयन अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और युवाओं में खुशी का माहौल है। 

          हॉकी में फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलने वाले करण गौतम भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-18 एशिया कप और यूथ 5s एशियन चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। खास बात यह है कि करण ने दोनों ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।

          करण की उपलब्धियों का सफर यहीं नहीं थमा। उन्होंने वर्ष 2022 से 2026 तक मध्यप्रदेश की ओर से सब जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया।वर्तमान में करण गौतम भोपाल स्थित मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह अकादमी खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित है। यहां वे लगातार अपने खेल को बेहतर बनाने और आगामी अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों की तैयारी में जुटे हैं। 

          उमरिया जैसे जिले से निकलकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मैदान तक पहुंचना करण की मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। उनका अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। अब खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि करण अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर देश और उमरिया का नाम रोशन करेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow