मरदरी वाटर प्लांट की सुस्ती पर कलेक्टर ने लीं क्लास

Nov 22, 2026 - 21:13
 0  5
मरदरी वाटर प्लांट की सुस्ती पर  कलेक्टर ने लीं क्लास

चेतावनी के बाद भी मजदूरों के गायब होने से उठे सवाल,  आकाशकोट में अधूरी पानी की टंकियां और दो महीने से ठप काम, ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी

उमरिया। गांव-गांव तक साफ पीने का पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना की धीमी चाल ने आखिरकार प्रशासनिक धैर्य का बांध तोड़ दिया। मरदरी में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान काम की बेहद सुस्त स्थिति देखकर कलेक्टर राखी सहाय खासी नाराज नजर आईं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जायजा लेने पहुंचीं कलेक्टर ने मौके की तस्वीर देखते ही जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा लगता है कि निरीक्षण की भनक लगते ही आज मजदूर जुटाए गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर काम में कोई खास प्रगति नहीं दिख रही है। उन्होंने सख्त लहजे में चेताया कि यदि काम करने की मंशा ही नहीं है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ऊपर लिखा जाएगा।

निरीक्षण के बाद फिर सूना पड़ा कार्यस्थल

          कलेक्टर की सख्ती के सामने एजेंसी के लोग जल्द काम तेज करने का भरोसा दिलाते दिखे, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नियमित काम चलने के बजाय दौरे के दिन ही भीड़ जुटाने जैसी स्थिति क्यों बनती है? ग्रामीणों का कहना है कि मरदरी में बीते करीब दो महीनों से काम लगभग रुका पड़ा था। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि निरीक्षण खत्म होते ही कामगार और स्टाफ फिर से मौके से गायब हो गए। यदि ग्रामीणों की यह बात सच है, तो यह व्यवस्था की निगरानी और एजेंसी की गंभीरता पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है। आकाशकोट में टंकियां अधूरी, पेटी ठेकेदारी से लटका काम समस्या सिर्फ मरदरी के प्लांट तक सीमित नहीं है। आकाशकोट इलाके में बन रही ज्यादातर पानी की टंकियां भी अब तक अधूरी पड़ी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, काम को पेटी ठेकेदारों के भरोसे छोड़ दिए जाने से गति बेहद धीमी हो गई है और कई ढांचे अधूरे ही खड़े हैं। वर्षों से चल रही इस करोड़ों की पेयजल परियोजना का फायदा जब तक आखिरी घर तक नहीं पहुंचता, तब तक कागजी प्रगति का कोई अर्थ नहीं रह जाता।

कब बुझेगी प्यास, कब तय होगी जवाबदेही?

          करोड़ों रुपये खर्च होने और लंबे समय बीतने के बावजूद यदि ग्रामीणों को स्वच्छ जल के लिए तरसना पड़े, तो इसे लेकर आम लोगों में रोष पनपना स्वाभाविक है। ग्रामीणों का मानना है कि केवल दौरे और चेतावनियों से बात नहीं बनेगी, बल्कि नियमित मॉनिटरिंग और तय समय-सीमा में काम पूरा कराना बेहद जरूरी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कलेक्टर की चेतावनी के बाद निर्माण एजेंसी वाकई रफ्तार पकड़ती है या फिर मरदरी और आकाशकोट के लोगों को साफ पानी के लिए अभी और लंबा इंतजार करना होगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow