सिवनी से रेस्क्यू बाघिन शावक को बहेरहा बाड़े में किया रिलीज़
उमरिया। सिवनी जिले में जनहानि की एक घटना से जुड़ी और लगातार ग्रामीण क्षेत्रों के आसपास विचरण कर रही मादा बाघ शावक को सिवनी से सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व लाया गया था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे इस शावक को मगधी रेंज के बहेरहा बाड़े में सफलतापूर्वक रिलीज़ कर दिया गया।
दरअसल सिवनी के दक्षिण वन मंडल क्षेत्र में यह बाघ शावक लंबे समय से गांवों के आसपास देखी जा रही थी।जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर उसे पिंजरे में सुरक्षित पकड़ा। इसके बाद वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारियों की निगरानी में शावक को सिवनी से बांधवगढ़ लाया गया, बाद में मंगलवार सुबह बहेरहा बाड़े में रिलीज़ कर दिया गया है, इस दौरान उपसंचालक,सहायक संचालक मगधी, वन परिक्षेत्र अधिकारी मगधी, वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
रिलीज़ के बाद क्षेत्र संचालक ने शावक का निरीक्षण किया, जहां उसकी स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। बाड़े में वह सहज रूप से घूमती और वातावरण के अनुरूप खुद को ढालती दिखाई दी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शावक की वैज्ञानिक तरीके से देखभाल की जाएगी।उसकी गतिविधियों और स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाएगी तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में उपयुक्त समय आने पर उसे पुनः वन क्षेत्र में मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व मानव-वन्यप्राणी संघर्ष में शामिल, अनाथ अथवा घायल बाघों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यह प्रयास वन्यजीव संरक्षण और मानव सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
What's Your Reaction?