देश दुनिया में छाया बांधवगढ़, मिला बेस्ट वाइल्ड लाइफ डेस्टिनेशन का राष्ट्रीय सम्मान
उमरिया। विंध्य की वादियों में बसे विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने एक बार फिर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के प्रतिष्ठित इंडिया टुडे टूरिज्म सर्वे एंड अवार्ड-2026 में बांधवगढ़ को एडिटर्स चॉइस अवार्ड बेस्ट वाइल्ड लाइफ डेस्टिनेशन से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि ने न केवल उमरिया जिले बल्कि पूरे प्रदेश को पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। गोवा में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि बांधवगढ़ ने अपनी समृद्ध जैव विविधता बाघों की उल्लेखनीय संख्या प्राकृतिक सौंदर्य और उत्कृष्ट संरक्षण प्रबंधन के दम पर देश-विदेश के पर्यटकों के बीच विशिष्ट स्थान बनाया है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व वर्षों से वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति पर्यटकों की पहली पसंद रहा है। यहां की हरियाली दुर्लभ वन्यजीव ऐतिहासिक धरोहरें और सफल संरक्षण मॉडल ने इसे वैश्विक पहचान दिलाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मान क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि करेगा।
यह उपलब्धि प्रदेश सरकार की वन संरक्षण जैव विविधता संवर्धन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने वाली नीतियों की सफलता का भी प्रमाण है। बांधवगढ़ को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों की श्रेणी में और अधिक मजबूत बनाता है।
What's Your Reaction?