फंदे से लटका मिला 15 वर्षीय आदिवासी किशोर
घर से दूर पुलिया पर कैसे पहुंचा किशोर? घटना की परिस्थितियों ने खड़े किए कई सवाल,कहीं किसी साजिश का शिकार तो नहीं?
उमरिया। कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम कछरवार में बीती रात एक आदिवासी किशोर का शव शिव मंदिर के पास बनी पुलिया के समीप फंदे से लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लवकेश पिता सुरेश बैगा उम्र करीब 14 से 15 वर्ष के रूप में बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह पुलिया पर फंदे से लटका किशोर का शव देख घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है। मृतक ग्राम कछरवार के बैगा मोहल्ले का बताया जा रहा है, जो घटना स्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर है।महज 14-15 वर्ष की उम्र में किशोर की इस तरह मौत कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। आखिर वह घर से दूर देर रात पुलिया तक कैसे पहुंचा? किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई और क्या वाकई यह आत्महत्या का मामला है?
घटनास्थल की परिस्थितियों को लेकर ग्रामीणों के बीच भी कई तरह की चर्चाएं हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं किशोर किसी साजिश का शिकार तो नहीं हुआ? हालांकि अभी तक किसी साजिश या आपराधिक भूमिका के प्रमाण सामने नहीं आए हैं। लिहाजा घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं,जिससे किशोर की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
What's Your Reaction?