गौरव दिवस पर 890 लाख के विकास कार्यो की सौगात
नगर पालिका परिषद उमरिया की 107वीं वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
उमरिया। नगर पालिका परिषद उमरिया के स्थापना की 107वीं वर्षगांठ गौरव दिवस के रूप मे मनाई गई। इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिवनारायण सिंह के मुख्य आतिथ्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह की अध्यक्षता एवं पूर्व विधायक अजय सिंह के विशिष्ट आतिथ्य मे आयोजित हुआ। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच 890 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक शिवनारायण सिंह ने कहा कि नगर के विकास मे लगी प्रत्येक ईंट मे हमारे पूर्वजों से लेकर वर्तमान जनप्रतिनिधियों तक सभी का योगदान है। श्री सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति प्रगति की मुख्यधारा से जुड़े और योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उमरिया को नंबर एक शहर बनाने मे हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सभी के सहयोग से पूरा होगा विकसित शहर का संकल्पः रश्मि सिंह
अपने उद्बोधन मे नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह ने नगरवासियों को गौरव दिवस की बधाई दी। उन्होंने नगर पालिका के विकास मे योगदान देने वाले समस्त जनप्रतिनिधियों का स्मरण करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और वित्तीय कठिनाइयों के बावजूद परिषद ने सभी के सहयोग से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों मे बेहतर प्रयास किए हैं। उन्होंने सहयोग और मार्गदर्शन के लिए विधायक शिवनारायण सिंह, पूर्व विधायक अजय सिंह, समस्त पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया, और विश्वास जताया कि परिषद उमरिया को विकसित नगर बनाने के संकल्प को अवश्य पूरा करेगी।
आदर के साथ मिले योजनाओं का लाभ
अजय सिंह पूर्व विधायक अजय सिंह ने कहा कि नगर पालिका ने सीमित संसाधनों के बावजूद विकास के जो कार्य किए हैं, उनका श्रेय सभी पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जाता है। इससे साबित होता है कि जनप्रतिनिधियों मे अपने नगर और जनता के प्रति प्रेम तथा कुछ कर गुजरने की भावना है। उन्होंने कहा कि कई कार्य हो चुके हैं और कई अभी भी किए जाने हैं। श्री सिंह ने कहा विकास के सांथ ही जनता के प्रति आदर का भाव रखते हुए परिसर मे आने वाले व्यक्ति की समस्या का त्वरित एवं समाधानकारक निदान होना चाहिए। हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले, तभी सुशासन की परिकल्पना साकार हो सकेगी।
वातानुकूलित होगा बैंक्वेट हॉल
गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान 417 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त बैंक्वेट हॉल का शिलान्यास भी किया गया। स्वागत भाषण मे सीएमओ किशन सिंह ठाकुर ने बताया कि सामाजिक, सांस्कृतिक एवं वैवाहिक आयोजनों के लिए बनने वाले इस हॉल में आधुनिक रूम सहित पूरा भवन वातानुकूलित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के सांथ हुआ। इस मौके पर स्वच्छता को लेकर एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। सांथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन नगर पालिका उपाध्यक्ष अमृतलाल यादव ने किया।
कार्यक्रम मे विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल खट्टर, सांसद प्रतिनिधि ज्ञानेन्द्र सिंह गहरवार, एल्डरमैन नरेन्द्र बगड़िया, सुनील खटिक, श्रीमती हेमलता राय तथा पार्षद रूकमणी, राजू कोल, सुशीलचंद रैदास, राजेन्द्र कुमार कोल, श्रीमती रामायणवती उमेश कोल, श्रीमती अनीता सोनी, उनके प्रतिनिधि ओमप्रकाश सोनी, इंजीनियर दीपक सोनी, त्रिभुवन प्रताप सिंह, श्रीमती रागनी शैलेन्द्र सिंह, समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह चंदेल, श्रीमती पूर्णिमा सिंह, धर्मेन्द्र रैदास, अयोध्या अशोक गौटिया, श्रीमती फरीदा इरदीस खान, श्रीमती सविता सोंधिया, श्रीमती विनीता संजय तिवारी, संजय पाण्डेय, अवधेश कुमार राय एवं श्रीमती फहीमा नाज सहित समाजसेवी मुकेश सिंह मुख्य नगर पालिका अधिकारी किशन सिंह ठाकुर, स्वच्छता प्रभारी नारायण दुबे, उपयंत्री चंदन सिंह, दीपक उइके, अनिल पुरी, अखिलेश सिंह एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?