“हमें मार डालो, लेकिन हम अपना जंगल नहीं छोड़ेंगे…” 90 वर्षीय वृद्ध महिला की हुंकार से गूंजा गिठौरी का आंदोलन
12 दिनों से अनशन कर रहे किसानों और ग्रामीणों का संघर्ष जारी, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने फोन पर सुनी पीड़ा, शीघ्र आंदोलन स्थल पर पहुंचने का दिया आश्वासन।
उमरिया। जिले के घुनघुटी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिठौरी में बजरंग पावर इस्पात लिमिटेड प्रस्तावित कोल ब्लॉक के विरोध में किसानों और ग्रामीणों का आंदोलन लगातार 12वें दिन भी जारी है। अपने जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए अनशन कर रहे ग्रामीणों के संघर्ष के बीच एक 90 वर्षीय वृद्ध महिला आंदोलनकारी के भावुक शब्दों ने पूरे आंदोलन को नई आवाज दे दी। वृद्ध महिला ने दर्द भरे स्वर में कहा, “हमें मार डालो, लेकिन हम अपना जंगल नहीं छोड़ेंगे।”
वृद्ध महिला ने गुहार लगाते हुए आम नागरिकों से भी इस संघर्ष में शामिल होने की अपील की। उनका कहना है कि जंगल ही उनका जीवन है, जंगल से ही उनकी आजीविका चलती है और इसी जंगल के सहारे उनकी पीढ़ियां जीवन बिताती आई हैं। यदि जंगल ही नहीं रहेगा तो उनका अस्तित्व भी कैसे बचेगा? एक बुजुर्ग महिला की यह पुकार केवल एक व्यक्ति का दर्द नहीं, बल्कि अपने पुश्तैनी जंगल और जमीन को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों की चिंता को बयां करती है।
इसी बीच किसानों और ग्रामीणों की आवाज को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने के लिए किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शकील खान ने मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान से फोन पर ग्रामीणों की सीधी बातचीत कराई। प्रदेश अध्यक्ष ने अनशनरत ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना तथा शीघ्र ही आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात करने का आश्वासन दिया।
जिला पंचायत सदस्य हेमनाथ बैगा का कहना है कि गिठौरी कोल ब्लॉक शुरू होने से घुनघुटी क्षेत्र के प्राकृतिक जंगलों, पर्यावरण और जल संसाधनों पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। इसका प्रभाव बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान के आसपास के वन क्षेत्र और दुर्लभ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों को चिंता है कि कोयला खनन के कारण भूजल स्तर में गिरावट आ सकती है, जिससे कुएं, जलस्रोत और सिंचाई के साधन प्रभावित होंगे। इसका सीधा असर किसानों की खेती और फसलों पर पड़ेगा। वहीं कोल डस्ट और खनन से उत्पन्न प्रदूषण से आसपास के जंगलों, वन्यजीवों और आम जनजीवन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा कोल माइंस शुरू होने से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे यातायात, वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण की समस्या भी गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों पर निर्भर उनकी आजीविका भी प्रभावित होगी। तेंदूपत्ता, लाख, खैर, हर्रा, बेहड़ा और महुआ जैसे वनोपज उनके परिवारों की आय और जीवनयापन के प्रमुख साधन हैं। जंगलों के प्रभावित होने से इन सभी संसाधनों पर संकट उत्पन्न हो सकता है।
किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष शकील खान ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की चिंताओं को अनसुना नहीं किया जाना चाहिए। जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं हैं, बल्कि इस क्षेत्र के हजारों लोगों की आजीविका और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का आधार हैं। विकास के नाम पर पर्यावरण, खेती और ग्रामीणों के अस्तित्व को संकट में नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस ग्रामीणों के लोकतांत्रिक आंदोलन के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। ग्रामीणों की मांग है कि गिठौरी कोल ब्लॉक से जुड़े पर्यावरणीय, वन्यजीव, जल संसाधन और सामाजिक प्रभावों का निष्पक्ष मूल्यांकन कराया जाए तथा स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणों की चिंताओं और हितों को प्राथमिकता देते हुए उचित निर्णय लिया जाए।
90 वर्षीय वृद्ध महिला एव वृद्ध पुरुष की एक पुकार आज पूरे आंदोलन का संदेश बन गई है—“हमें मार डालो, लेकिन हम अपना जंगल नहीं छोड़ेंगे।”
What's Your Reaction?