दिल्ली के बाद क्या यहाँ भी गंभीर वायु प्रदूषण फैल रहा है?

Nov 4, 2026 - 23:50
 0  5
दिल्ली के बाद क्या यहाँ भी गंभीर वायु प्रदूषण फैल रहा है?

उमरिया।  यह सवाल इसलिए गंभीर है, क्योंकि शहर के बीचोंबीच आवासीय मकानों के बीच एक बड़े भूभाग में कचरे का विशाल भंडारण कर दिया गया है। चिंता केवल कचरे के इस जमावड़े तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सबसे खतरनाक पहलू यह है कि देर शाम इस कचरे को नष्ट करने के नाम पर आग के हवाले किया जा रहा है। नतीजतन, शाम ढलते ही धुएं का गुबार शहर की आबोहवा में घुलने लगता है और नागरिकों को प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ता है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

          उमरिया जैसे छोटे शहर में वायु प्रदूषण का यह खतरा किसी भी लिहाज से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। शहर में बड़ी तादाद में हृदय रोग और किडनी संबंधी बीमारियों से मरीज जूझ रहे हैं। ऐसे में जहरीला धुआं उनके स्वास्थ्य के लिए अतिरिक्त जोखिम पैदा कर सकता है।  सवाल यह है कि आखिर आवासीय बस्ती के बीच कचरे का इतना बड़ा भंडारण कैसे होने दिया गया और उसे खुलेआम जलाने की अनुमति किसने दी? क्या जिम्मेदार अमले को इसके दुष्परिणामों का अंदाजा नहीं है? 

          किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष शकील खान ने कलेक्टर महोदया से विनम्र अनुरोध किया है कि इस अतिसंवेदनशील मामले को गंभीरता से संज्ञान में लें। कचरा जलाने पर तत्काल रोक लगाई जाए और इस भंडारण की स्थिति, स्थान तथा जिम्मेदारों की भूमिका की जांच कराकर कचरा भण्डार को व्यवस्थित स्थान पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। “शहरवासियों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का अधिकार है, इसे किसी भी सूरत में धुएं और लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow