बांधवगढ़ पर्यटन मार्ग हुआ सालों से बदहाल
डामर रोड से ताला गेट पहुंचने की सड़क गड्ढों में हुई तब्दील
गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर पर्यटक, पर्यटन की छवि को दरकिनार कर रहे.. जिम्मेदार
उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व में पर्यटकों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मार्ग महराजा कोठी से ताला गेट तक पहुंचने वाला पर्यटन मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। मानों कि इस सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे तो हो गए हैं, लेकिन उन गड्ढों मे पानी सहित कीचड़ भी है।जिसके चलते पर्यटकों को आने जानें में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जंगल सफारी के रोमांच और वन्यजीवों के दीदार की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले पर्यटकों का स्वागत अब खराब सड़क से हो रहा है।
वहीं स्थानीय लोगों सहित वन्य जीव प्रेमियों के अनुसार, महराजा कोठी तिराहा से ताला गेट तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। लेकिन पर्यटकों को भी हिचकोले खाते हुए इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। खासकर दूसरे शहरों और प्रदेशों से आने वाले पर्यटकों के लिए यह रास्ता परेशानी का कारण बना हुआ है।
बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व देश-विदेश में अपनी बाघों की मौजूदगी और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाल स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
अब पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। सवाल यह है कि जब बांधवगढ़ को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं, तो यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए बुनियादी सड़क सुविधा दुरुस्त क्यों नहीं की जा रही है?
इनका कहना है -
यह बात सही है कि मेन रोड से ताला गेट तक पहुंचने का पर्यटन मार्ग जर्जर हालत में है। लेकिन यह मार्ग हमारे विभाग अंतर्गत नहीं आता है। इसकी जिम्मेदारी वहां के पंचायत की है। फिर भी सुधरवानें की कोशिश की जायेगी। -योहान कटारा, डिप्टी डायरेक्टर बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया।
What's Your Reaction?