विधायक ने किया सीसी रोड और रंगमंच का भूमि पूजन
विधायक मद से 9.10 लाख रुपये के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
उमरिया। नगर पालिका परिषद उमरिया के वार्ड क्रमांक-2 स्थित जेल बिल्डिंग के पीछे सीसी रोड तथा विकटगंज स्थित खजुरीताल की शाखा रामभूषण कुंज आश्रम में रंगमंच निर्माण कार्य का भूमि पूजन बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह द्वारा किया गया। दोनों विकास कार्यों के लिए विधायक मद से कुल 9.10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा रंगमंच निर्माण के लिए 4.10 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। दोनों निर्माण कार्यों की एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को बनाया गया है।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिवनारायण सिंह ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों की जरूरतों को पूरा करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वार्ड क्रमांक-2 में जेल बिल्डिंग के पीछे लंबे समय से सड़क निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्थानीय नागरिकों की मांग और आवागमन की समस्या को देखते हुए यहां सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई है। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय रहवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बारिश सहित अन्य मौसम में आने-जाने में होने वाली परेशानियां कम होंगी और क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है और विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रामभूषण कुंज आश्रम में रंगमंच निर्माण को लेकर विधायक ने कहा कि विकटगंज स्थित शांतिकुंज आश्रम धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। ऐसे में लंबे समय से एक व्यवस्थित रंगमंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि आश्रम के समीप बनने वाला यह रंगमंच आने वाले समय में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और संस्कृति प्रस्तुत करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा तथा क्षेत्र में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की सुविधा के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता शंभूलाल खट्टर, धनुषधारी सिंह, दीपक छतवानी, नम्रता यादव, नीतू सिंह, सुजीत सिंह भदौरिया, आशुतोष तिवारी, आयुष पाठक, नितिन बसानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?