कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बांधवाधीश मंदिर दर्शन हेतु प्रवेश एवं महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
उमरिया। बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि श्रद्धालुओं और आम जनमानस को सहर्ष सूचित किया जाता है कि 4 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर, बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व की पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक श्री बांधवाधीश मंदिर में दर्शन हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। सुविधा, सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए, दर्शन हेतु निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं जिनका पालन करना अनिवार्य है:
ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य:
दर्शन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना पूर्णतः अनिवार्य है। बिना ऑनलाइन पंजीयन के किसी भी श्रद्धालु को गेट से प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पंजीयन प्रक्रिया:
दिए गए लिंक के माध्यम से व्यक्तिगत (Individual) या समूह (Group) दोनों का रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। समूह पंजीयन की स्थिति में ग्रुप लीडर की जानकारी के साथ-साथ समूह के अन्य सभी सदस्यों की जानकारी भरना अनिवार्य है। एक ग्रुप लीडर अधिकतम 15 लोगों का रजिस्ट्रेशन कर सकता है।
प्रवेश का समय:
टाइगर रिज़र्व गेट से प्रवेश का समय प्रातः 8 बजे से सुबह 11बजे तक ही रहेगा। कृपया समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।
आयु सीमा एवं सुरक्षा:
दुर्गम मार्ग एवं सुरक्षा कारणों को दृष्टिगत रखते हुए, 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का प्रवेश वर्जित रखा गया है। 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश भी सामान्यतः वर्जित है, परन्तु केवल विशेष परिस्थितियों में और सुरक्षा पूर्णतः सुनिश्चित करने के उपरांत ही इस उम्र अंतराल से भिन्न उम्र के श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
प्लास्टिक पूर्णतःप्रतिबंधित:
यह एक संरक्षित वन क्षेत्र है, अतः अंदर किसी भी प्रकार का प्लास्टिक (जैसे- पॉलिथीन, सिंगल-यूज़ पानी की बोतलें, गुटखा/चिप्स के पैकेट आदि) ले जाना सख्त मना है।
ध्वनि प्रदूषण पर रोक:
वन्यजीवों की शांति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में शोरगुल करना, तेज़ आवाज़ में संगीत बजाना, या किसी भी प्रकार का ध्वनि प्रदूषण करना वर्जित है। कृपया शांति बनाए रखें। सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अनुरोध है कि वे इन नियमों का कड़ाई से पालन करें और शांतिपूर्ण दर्शन एवं प्रकृति संरक्षण में टाइगर रिज़र्व प्रबंधन का सहयोग करें।
पंजीयन लिंक: https://tinyurl.com/melaregistration
What's Your Reaction?