बड़ी कार्रवाई : जंगली सुअर के अवैध शिकार मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
मानपुर बफर के बिजौरी पटपरहा टोला में वन विभाग की दबिश, पका हुआ मांस, खून लगी बोरी सहित शिकार में प्रयुक्त सामग्री जब्त
वन परिक्षेत्र अधिकारी अंकित सोनी के मार्गदर्शन में वन अमले की कार्रवाई, न्यायालय ने पांचों आरोपियों को भेजा जेल
उमरिया/मानपुर। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिजौरी के पटपरहा टोला में जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और जांच के बाद सभी आरोपियों को सोमवार को मानपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायिक दंडाधिकारी ने आरोपियों की जमानत याचिका निरस्त करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बिजौरी के पटपरहा टोला क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा जंगली सुअर का अवैध शिकार किया गया है तथा उसके मांस को पकाने की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर अंकित सोनी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और संबंधित स्थान पर दबिश दी। *मौके से तीन आरोपी पकड़े गए
वन विभाग के अमले द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान मौके से विनोद बैगा, प्रेमलाल बैगा एवं छल्लु बैगा को पकड़ा गया। इसके बाद आरोपियों से नियमानुसार पूछताछ करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान होने पर उधेलाल बैगा एवं मुकेश चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया।
मौके के निरीक्षण एवं तलाशी के दौरान वन अमले को पकाया हुआ मांस, हंसिया, कढ़ाई, अन्य बर्तन तथा खून लगी बोरी सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री मिली। वन विभाग द्वारा सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है।
न्यायालय ने जमानत याचिका की निरस्त
वन विभाग द्वारा प्रकरण में आवश्यक विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी पांच आरोपियों को सोमवार को माननीय न्यायालय मानपुर के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा प्रस्तुत तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद पांचों आरोपियों की जमानत याचिका निरस्त करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।
वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए वन अमले द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
परिक्षेत्र अधिकारी के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई
जंगली सुअर के अवैध शिकार के इस मामले में कार्रवाई को अंजाम देने में वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर अंकित सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वन अमले ने मुखबिर से प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़कर प्रकरण को न्यायालय तक पहुंचाया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई को सफल बनाने में अंकित सोनी, वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर, सुनील ठाकुर वनपाल, भाईलाल सिंह उप वनक्षेत्रपाल, तेजलाल बैगा वनरक्षक, विक्रम सिंह सिकरवार, प्रदीप सिंह वनरक्षक, सत्येंद्र सिंह वनरक्षक, राजीव रंजन वर्मा वनरक्षक, कपिल विश्वकर्मा वनरक्षक, सूर्यभान सिंह वनरक्षक, अनिता दहायत वनरक्षक, शीला प्रजापति वनरक्षक सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
What's Your Reaction?