पट्टा देने के नाम पर हितग्राहियों को दिनभर बैठाया, शाम को किया बैरंग वापस

Aug 29, 2026 - 23:24
 0  38
पट्टा देने के नाम पर हितग्राहियों को दिनभर बैठाया, शाम को किया बैरंग वापस

उमरिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास 2026 के तहत शनिवार को रानी दुर्गावती सामुदायिक भवन में उमरिया नगरपालिका क्षेत्र के लिए आयोजित कार्यक्रम सवालों के घेरे में आ गया। आरोप है कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के उद्देश्य से नगर की जनता और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को बुलाया गया, लेकिन उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला।

          प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख रुपये की राशि प्राप्त कर चुके हितग्राहियों को यह कहकर कार्यक्रम में बुलाया गया था कि उन्हें इस अवसर पर उनके आवास का पट्टा प्रदान किया जाएगा। पट्टे की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में हितग्राही सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए और दिनभर इंतजार करते रहे।

भूखे-प्यासे बैठे रहे हितग्राही

          बताया गया कि कई हितग्राही सुबह से शाम तक भूखे-प्यासे पट्टा मिलने की प्रतीक्षा में बैठे रहे। दिनभर इंतजार करने के बाद शाम करीब 5 बजे उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि पट्टा बाद में प्रदान किया जाएगा। इससे दूर-दराज और विभिन्न वार्डों से पहुंचे हितग्राहियों में भारी निराशा और नाराजगी देखी गई। *लोगों का कहना है कि यदि पट्टे का वितरण कार्यक्रम में होना ही नहीं था तो हितग्राहियों को इस तरह बुलाकर घंटों इंतजार कराना उचित नहीं था। हितग्राहियों ने इसे उनके साथ अन्याय बताते हुए प्रशासन और नगरपालिका से शीघ्र पट्टा वितरण की मांग की है।

पार्षदों को नहीं बुलाया गया, विधायक भी रहे अनुपस्थित

          कार्यक्रम को लेकर एक और महत्वपूर्ण सवाल यह उठ रहा है कि नगरपालिका के निर्वाचित पार्षदों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। वहीं क्षेत्रीय विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरपालिका क्षेत्र के महत्वपूर्ण जनहित कार्यक्रम में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा समझ से परे है।

          आलोचकों का कहना है कि जनता की समस्याओं और हितग्राहियों को वास्तविक लाभ पहुंचाने के बजाय कार्यक्रम केवल औपचारिकता बनकर रह गया। पट्टे की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

          हितग्राहियों और नगरवासियों ने मांग की है कि जिन पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि स्वीकृत और प्राप्त हो चुकी है, उन्हें बिना किसी देरी के पट्टे प्रदान किए जाएं। साथ ही भविष्य में किसी भी शासकीय कार्यक्रम में लोगों को स्पष्ट और सही जानकारी देकर ही बुलाया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow