संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने किया संविधान सभा का सजीव चित्रण
महापुरुषों की वेशभूषा में दी प्रभावशाली प्रस्तुति
उमरिया। 26 नवंबर 2026 संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय बीरसिंहपुर पाली में संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य हरलाल अहिरवार ने कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी निर्माण प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान निर्माताओं के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मंसूर अली ने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य एवं नीति निर्देशक तत्वों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। डॉ. जेपीएस चौहान ने संविधान की ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में डॉ बी आर अम्बेडकर के योगदान की जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। डॉ. नरेश शुक्ला ने भारतीय सविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला जबकि डॉ. त्रिभुवन गिरि ने संविधान संशोधन एवं इसके विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राजनीति विज्ञान के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मंचीय कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों ने संविधान सभा के प्रमुख सदस्यों जवाहरलाल नेहरू, सुचेता कृपलानी, कुदसिया एजाज रसूल, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महान विभूतियों की वेशभूषा धारण कर संविधान सभा का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया को जीवंत कर दिया। इस प्रस्तुति के जरिए उपस्थित लोगों को संविधान सभा की कार्यवाही और संविधान निर्माताओं के विचारों को करीब से समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक समझ और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जयंती पयासी ने किया, जबकि अंत में डॉ. ऋतु सेन ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अंकुश सोनी, बालेन्द्र यादव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?