सड़क कम दलदल ज्यादा...?
उमरिया। चंदिया से महज 10 किलोमीटर दूर ग्राम कोयलारी के तेंदुवा गांव में विकास के दावे बदहाल रास्ते की कीचड़ में धंसते नजर आते हैं। गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने वाला मार्ग इतना जर्जर है कि बरसात में वह सड़क कम, दलदल ज्यादा दिखाई देता है। ऐसे में मासूम बच्चों को रोज इसी रास्ते से होकर आंगनबाड़ी पहुंचना पड़ता है।
बताया जाता है कि आंगनबाड़ी केंद्र में करीब 65 नौनिहाल दर्ज हैं। बारिश होते ही पूरे मार्ग में कीचड़ और जलभराव हो जाता है। कई जगह पैर रखना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे हालात में बच्चों के फिसलने और चोटिल होने का खतरा हर दिन बना रहता है, लेकिन जिम्मेदारों की संवेदनाएं शायद इस रास्ते तक पहुंच ही नहीं पाईं, विडंबना यह है कि एक ओर सरकार बच्चों के पोषण, शिक्षा और बेहतर भविष्य के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर उन्हीं बच्चों को आंगनबाड़ी पहुंचने के लिए दलदल से जंग लड़नी पड़ रही है।
सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी कभी इस रास्ते से गुजरकर नौनिहालों की परेशानी समझने की कोशिश करेंगे,या फिर विकास केवल कागजों और बैठकों तक ही सीमित रहेगा, बड़ा सवाल है?
What's Your Reaction?