अधिवक्ता संघ मानपुर का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रियदर्शन शर्मा ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, अधिवक्ता परिषद सदस्य दिनेश नारायण पाठक रहे विशेष अतिथि
उमरिया/मानपुर। तहसील अधिवक्ता संघ मानपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह कल रविवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमरिया माननीय श्री प्रियदर्शन शर्मा के मुख्य आतिथ्य में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्य श्री दिनेश नारायण पाठक विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के संस्थापक सदस्य एवं संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता श्री दरबारी लाल पटेल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती नजमा बेगम, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी उमरिया श्री दीपक अग्रवाल, न्यायिक दंडाधिकारी श्री धुर्वे तथा मानपुर सिविल न्यायालय के न्यायिक दंडाधिकारी श्री सतीश शुक्ला उपस्थित रहे। सभी माननीय न्यायाधीशों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की भव्यता में चार चाँद लगा दिए।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागतीय उद्बोधन सुश्री श्रद्धा द्विवेदी ने दिया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
उपस्थित अतिथियों ने तहसील अधिवक्ता संघ मानपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री कुशलेंद्र कुमार तिवारी सहित समस्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ उमरिया के अध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह तथा तहसील अधिवक्ता संघ जयसिंहनगर के अध्यक्ष श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को अनिरुद्ध मिश्रा, दरबारी लाल पटेल, संतोष तिवारी एवं नागिन पटेल सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने संबोधित करते हुए नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। समारोह में तहसील अधिवक्ता संघ मानपुर के सभी पदाधिकारी, सदस्य अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद चतुर्वेदी ने किया, जबकि सफल मंच संचालन एडवोकेट विकास गुप्ता द्वारा किया गया। अंत में संघ के दिवंगत अधिवक्ता श्री मनोज द्विवेदी के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और कार्यक्रम का समापन हुआ।
What's Your Reaction?