कुल्हाड़ी के वार पर बगावत
पेड़ों से चिपके आदिवासी, बजरंग कोल पावर की मनमानी पर संग्राम!
जंगल, जमीन और जल के हक पर बुलडोजर टाइगर कॉरिडोर उजाडऩे की होड़,
फिर भी विकास के नाम पर खामोश क्यों बैठा तंत्र?
उमरिया। कोयला निकालने की भूख और मुनाफे की दौड़ में हरियाली को उजाडऩे की कोशिशों के खिलाफ घुनघुटी क्षेत्र में जनाक्रोश भडक़ उठा है। ग्राम गिठौरी में जिस तरह आदिवासी ग्रामीण पेड़ों से लिपटकर कुल्हाडिय़ों के सामने ढाल बन खड़े हुए हैं, उसने साफ कर दिया है कि अब प्रकृति और अपने पुश्तैनी ठिकानों को बचाने की यह लड़ाई आर-पार के मोड़ पर आ पहुंची है। बजरंग कोल पावर लिमिटेड की खनन परियोजना को लेकर उठी चिंगारी अब पूरे इलाके में जंगल, जल, जमीन और आदिवासियों के संवैधानिक-पारंपरिक अधिकारों के बड़े आंदोलन में तब्दील होती दिख रही है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि सैकड़ों पेड़ों को काटकर प्राकृतिक वन क्षेत्र को सिकोडऩे का खेल चल रहा है, जिससे पूरा पारिस्थितिक तंत्र चरमराने की कगार पर है। यह भू-भाग कोई साधारण जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि बांधवगढ़ और छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व के बीच वन्यजीवों की आवाजाही के लिहाज से बेहद संवेदनशील गलियारा माना जाता है। स्थानीय लोगों और जानकारों की चिंता है कि जब जंगल का आवरण कटता है और प्राकृतिक जलस्रोत व रहवास प्रभावित होते हैं, तो वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही बाधित होती है और वे नए ठिकानों की तलाश में भटकने को मजबूर होते हैं। हाल ही में भालू की ट्रेन हादसे में हुई मौत ने इस खतरे की घंटी और तेज कर दी है। ग्रामीण इन घटनाओं को जंगल के बदलते और बिगड़ते हालात से जोडक़र देख रहे हैं तथा सवाल दाग रहे हैं कि वन्यजीवों की सुरक्षा और कॉरिडोर की संवेदनशीलता को ताक पर रखकर किस कीमत पर खनन की जल्दबाजी दिखाई जा रही है।
क्या कोयले से महंगा हो गया जीवन?
गिठौरी की तस्वीरों ने एक बार फिर याद दिलाया है कि जब अस्तित्व पर संकट आता है, तो साधारण ग्रामीण भी चट्टान बनकर खड़े हो जाते हैं। पेड़ों को बचाने के लिए उनसे चिपटे आदिवासी महिलाओं और पुरुषों का यह संघर्ष बताता है कि उनके लिए यह केवल लकड़ी या हरियाली का मामला नहीं, बल्कि आजीविका, संस्कृति और जीने का आधार है। आरोप है कि बजरंग कोल पावर लिमिटेड की परियोजना के तहत पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है और वे पूछ रहे हैं कि क्या कोयले की चमक जंगलों की सांसों, वन्यजीवों के जीवन और आदिवासियों के अधिकारों से बड़ी हो गई है?
लगातार बढ़ते विरोध के बीच मंगलवार को पाली तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि समझाइश के शब्दों से ग्रामीणों का गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा। लोगों की साफ मांग है कि पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी जांच हो। उनका कहना है कि जब तक ठोस आश्वासन और जमीनी कार्रवाई नहीं दिखती, तब तक विरोध की आवाज और बुलंद होगी।
सत्ता से सडक़ तक गरमाया मुद्दा
घुनघुटी में शुरू हुआ यह टकराव अब गिठौरी की सीमाओं में सिमटा नहीं रह गया है। प्रकृति प्रेमी संस्थाएं, सामाजिक संगठन और विपक्षी दल कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में लोग आदिवासियों के समर्थन में उतर आए हैं और पावर कंपनियों की गतिविधियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। इससे यह मामला अब केवल एक स्थानीय विवाद न रहकर जिले और क्षेत्र की बड़ी पर्यावरणीय व राजनीतिक बहस बन चुका है। असली सवाल अब उस व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर है, जिस पर विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाने की जिम्मेदारी है। यदि परियोजना के विस्तार से जंगल उजड़ते हैं, जलस्रोत सूखते हैं और वन्यजीवों के गलियारे पर दबाव पड़ता है, तो इसकी कीमत आखिर कौन चुकाएगा? बजरंग कोल पावर लिमिटेड की परियोजना को लेकर उठ रहे इन तीखे सवालों के बीच प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका पर सबकी निगाहें टिकी हैं। क्या कटाई थमेगी और पर्यावरण-अधिकारों की रक्षा होगी, या फिर यह संग्राम आने वाले दिनों में और उग्र रूप लेगा—घुनघुटी की धरती अब इसका जवाब मांग रही है।
What's Your Reaction?