सागौन तस्करी का भंडाफोड़,पिकअप सहित 12 नग लकड़ी जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
उमरिया। नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र में अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ियों से लोड एक पिकअप वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। खबर है कि दरमियानी रात वन विभाग की टीम सघन गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर वन परिक्षेत्र नौरोजाबाद अंतर्गत रहठा क्षेत्र के ग्राम बांदर चुआ और खैरखा के बीच तालाब के पास तड़के करीब 2:30 बजे घेराबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीए 5398 को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन में बिना वैध दस्तावेज के परिवहन की जा रही सागौन की 12 नग सिल्ली बरामद हुई। वन अमले ने मौके पर ही लकड़ी और पिकअप वाहन जब्त कर लिया। वाहन मालिक की पहचान ग्राम हड़हा निवासी रवि विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मामले में जगतपाल बैगा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लकड़ी कहां से काटी गई और उसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच शुरू कर दी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी पीयूष त्रिपाठी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक नन्दलाल सिंह, अजय सिंह, बीट गार्ड सत्यदेव द्विवेदी, शिवप्रताप बेगा, विजय सिंह और मोहम्मद हनीफ सहित वन अमले की अहम भूमिका रही।
What's Your Reaction?