महिला सम्मान के मुद्दे पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला,गांधी चौक पर फूंका सांसद का पुतला
नम्रता यादव के नेतृत्व में महिला मोर्चा का प्रदर्शन
उमरिया। कांग्रेस सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विमोल अकोइजम पर लगे कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नम्रता यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय स्थित गांधी चौक पर कांग्रेस सांसद का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के जरिए भाजपा महिला मोर्चा ने महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए आरोपों को गंभीर बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामलों को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय गंभीरता से लिया जाना चाहिए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।गांधी चौक पर हुए इस प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर करते हुए महिला सम्मान के सवाल पर जवाबदेही की मांग उठाई। इस विरोध प्रदर्शन के साथ ही उमरिया में आरोपों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
What's Your Reaction?