बदहाल सड़क से गुजरने को मजबूर कस्तूरबा छात्रावास की छात्राएं

Sep 22, 2026 - 23:35
 0  22
बदहाल सड़क से गुजरने को मजबूर कस्तूरबा छात्रावास की छात्राएं

उमरिया।  यश भारत जिले के जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत ताला में सड़क की बदहाली से कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं सहित मोहल्लेवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूलचंद गुप्ता के घर से आंगनबाड़ी तिराहा तक जाने वाली सड़क लंबे समय से कीचड़ युक्त बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है।

इसी रास्ते से स्कूल आते जाते हैं सैकड़ों छात्राएं

          छात्रावास की छात्राओं को प्रतिदिन इसी रास्ते से स्कूल आने-जाने के लिए गुजरना पड़ता है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा होने से छात्राओं को संभलकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण पैदल चलने वालों के साथ साथ चार पहिया एव दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी होती है। वहीं मोहल्लेवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग कई बार संबंधित जिम्मेदारों के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने मूलचंद गुप्ता के घर से आंगनबाड़ी तिराहा तक सीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन सुचारु हो सके।

सी सी सड़क बनाने की उठी मांग

          स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द सी सी सड़क निर्माण कराने की मांग की है। वहीं उपरोक्त समस्या को लेकर जब ताला सरपंच से जानकारी चाही गई तो बताया गया कि सी सी सड़क बनाने के लिए पंचायत में बजट ही नहीं है।बजट आते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जायेगा।अब देखना होगा कि जिला प्रशासन सड़क निर्माण के लिए कब तक बजट उपलब्ध कराता है। ताकि रोड बननें से छात्राओं के स्कूल आने जानें की समस्या का समाधान हो सके।

          हालांकि सी सी सड़क निर्माण के लिए बजट के संबंध में जिला पंचायत सीईओ से फोन पर जानकारी चाहनें की कोशिश की गई, लेकिन साहब तो फोन रिसीव करना ही उचित नहीं समझें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow