द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश की गरिमामयी उपस्थिति में जिला जेल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन एवं जेल निरीक्षण सम्पन्न
उमरिया। उप जेल अधीक्षक माखन सिंह मार्को ने बताया कि आज दिनांक 09/09/2026 को माननीय न्यायाधीश श्री अहमद रजा, द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश उमरिया द्वारा जिला जेल उमरिया का विस्तृत निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उमरिया के तत्वावधान में जेल परिसर में एक विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायाधीश श्री अहमद रजा ने बंदियों की बैरकों में जाकर उनका हाल-चाल जाना एवं बंदियों के आपराधिक प्रकरणों की स्थिति, हिस्ट्री टिकट, प्रकरण क्रमांक, संबंधित न्यायालय का नाम, आगामी पेशी दिनांक, इनकमिंग टेलीफोन सुविधा, प्रत्यक्ष मुलाकात की स्थिति, कैदियों की उम्र, वजन तथा उनके द्वारा नियुक्त अधिवक्ताओं के संबंध में विस्तार से पूछताछ कर जानकारी ली।
विधिक साक्षरता शिविर के माध्यम से बंदियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा निशुल्क विधिक सहायता योजना की पूरी प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। माननीय न्यायाधीश ने बंदियों से जेल की व्यवस्थाओं और किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के संबंध में सीधे बातचीत की, जिस पर बंदियों ने संतोष व्यक्त करते हुए किसी भी प्रकार की आपत्ति या परेशानी न होना बताया। बंदियों को अनुशासित जीवन शैली अपनाने तथा जेल नियमों का पूरी तरह से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जेलर / उप अधीक्षक माखन सिंह मार्को तथा जेल के समस्त ड्यूटीरत अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?