जानिये दहीहांडी में कौन जांबाज गोविंदाओं ने फोड़ी मटकी, रोमांचक संघर्ष के बाद हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कौन बना विजेता

Sep 9, 2026 - 22:24
 0  6
जानिये दहीहांडी में कौन जांबाज गोविंदाओं ने फोड़ी मटकी, रोमांचक संघर्ष के बाद हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कौन बना विजेता

उमरिया। जिले की सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संस्था पैराडाइज क्लब उमरिया द्वारा पूर्व परंपरा के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित पैराडाइज दहीहांडी मटकी फोड़ प्रतियोगिता स्थानीय गांधी चौक में भव्यता, उमंग और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुई। आयोजन में उमरिया शहर सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गांधी चौक में देर तक भक्तों का जनसैलाब दिखाई दिया और पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा।

          कार्यक्रम का शुभारंभ बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिव नारायण सिंह द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने पैराडाइज क्लब उमरिया की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने की दिशा में क्लब का यह आयोजन अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पैराडाइज दहीहांडी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन लगातार 27 वर्षों से किया जा रहा है, जो अपने आप में गौरव की बात है।

           उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी गोविंदा टोलियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और भक्ति की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतरता जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित होती रहें। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं का अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर पैराडाइज क्लब के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने गांधी चौक में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं का भी स्वागत करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाली गोविंदा टोलियों को आयोजन के नियमों की जानकारी दी। क्लब द्वारा सभी प्रतिभागी टोलियों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।

12 गोविंदा टोलियों ने लिया हिस्सा

          प्रतियोगिता में जिले की कुल 12 गोविंदा टोलियों ने भाग लिया। इनमें बजरंग दल खलेसर, रामपुरी वार्ड नंबर 5, भगड़ा, कोलानटोला, ज्वालामुखी उमरिया वार्ड नंबर 17, ओजानिया टोला, महरौई, लदेरा, घाघरी, चंदिया, किरणताल एवं कौड़िया की टोलियां शामिल रहीं। *प्रतियोगिता शुरू होने से पहले सभी गोविंदा टोलियों के मध्य एक नन्ही बेटी द्वारा पर्ची निकालकर प्रयास का क्रम निर्धारित किया गया। इसके बाद निर्धारित समय के अनुसार सभी टोलियों को मटकी फोड़ने का अवसर दिया गया। पहले चरण में सभी 12 टोलियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रयास किया, लेकिन कोई भी टोली मटकी फोड़ने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद दूसरे चरण में मटकी को लगभग पांच फीट नीचे किया गया। इसके बावजूद मटकी फोड़ने के लिए टोलियों को काफी संघर्ष करना पड़ा।

          सभी टोलियों ने भरपूर प्रयास किया, लेकिन अंततः कौड़िया की जांबाज और उत्साही गोविंदा टोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पैराडाइज दहीहांडी की मटकी फोड़ दी। मटकी फूटते ही गांधी चौक ढोल-नगाड़ों, तालियों की गड़गड़ाहट और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। कौड़िया की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से उपस्थित हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। *गांधी चौक में उमड़ा जनसैलाब

          दहीहांडी प्रतियोगिता को देखने के लिए गांधी चौक में भारी भीड़ उमड़ी। चारों ओर दर्शक ही दर्शक नजर आ रहे थे। आसपास के मकानों की छतों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक प्रतियोगिता का आनंद लेते दिखाई दिए। पैराडाइज क्लब द्वारा आयोजन स्थल पर शानदार व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शकों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित सुरक्षा के लिए भी चाक-चौबंद इंतजाम किए गए। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूरी मेहनत और लगन के साथ आयोजन को सफल बनाया।

          विजेता टोली सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टोलियों को लगभग 32 हजार रुपये की नगद राशि, विभिन्न गिफ्ट एवं उपहार, फल और मिठाइयां वितरित की गईं। इस दौरान गोविंदाओं और श्रद्धालुओं ने डीजे की धुन तथा ढोल-नगाड़ों पर जमकर नृत्य किया। पूरा वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का नागरिक सम्मान

          पैराडाइज क्लब उमरिया द्वारा दहीहांडी आयोजन के अवसर पर नगर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, खिलाड़ियों एवं प्रतिभाओं का भी नागरिक सम्मान किया गया। अतिथियों द्वारा उन्हें शाल, श्रीफल एवं गौरव सम्मान प्रदान कर अभिनंदन किया गया।

          सम्मानित होने वालों में असिस्टेंट प्रोफेसर के चयन हेतु राखी गुप्ता, नीट में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर याना सचदेव, अंडर-15 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में लेग स्पिनर के रूप में चयन होने पर आदर्श यादव, अंडर-18 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के लिए चयनित ऑलराउंडर सृजन दहायत, राष्ट्रीय सीनियर हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने पर शिवम सोंधिया, सीनियर राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने पर शैली गुप्ता, अंडर-14 बालक राष्ट्रीय फुटबॉल में शामिल होने पर रविंद्र सिंह गौड़ को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कादिर भाई, ब्लॉगर उमरिया, नगर पालिका के सफाई कर्मियों के मुखिया जग्गू भाई तथा श्रीराम मंदिर प्रभात फेरी कमेटी, पुराना पड़ाव को भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए शाल, श्रीफल एवं गौरव सम्मान देकर नागरिक अभिनंदन किया गया।  सम्मान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभाओं एवं संस्थाओं ने पैराडाइज क्लब के इस आयोजन की सराहना करते हुए क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया।

क्लब पदाधिकारियों और सदस्यों का रहा सहयोग

          कार्यक्रम का सफल संचालन पैराडाइज क्लब के सचिव नीरज चांदनी ने किया। मंच एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में मानसिंह, देवानंद स्वामी, हिमांशु यादव, बृजेश शर्मा, राकेश रावत, अतुल जैन, विक्रम सिंह, सुनील खटीक, प्रदीप यादव, राधेलाल, जीतू बारी, राकेश टार्जन, दीपक द्विवेदी एवं राहुल गौतम सहित क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

          कार्यक्रम में दिनेश त्रिपाठी एडवोकेट, जगत नारायण गुप्ता, डॉ. बृजेश शर्मा, राजेंद्र कॉल, देवानंद स्वामी, मानसिंह, नीरज चांदनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पैराडाइज क्लब के इस 27वें दहीहांडी आयोजन ने एक बार फिर उमरिया में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा, खेल भावना और सामाजिक सहभागिता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow