राहत की खबर : जिला अस्पताल उमरिया में अब हर दिन बनेंगे दिव्यांगता प्रमाण पत्र
उमरिया। जिला अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब हितग्राहियों को हफ्ते भर का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चिकित्सकों एवं मानव संसाधन की कमी के बावजूद सिविल सर्जन डॉ. के. सी. सोनी ने जनहित में एक बेहद सुविधाजनक और सराहनीय पहल की है। अस्पताल प्रशासन के इस फैसले के तहत अब जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
इससे पहले तक यह व्यवस्था केवल सप्ताह में एक दिन (प्रत्येक गुरुवार) के लिए ही लागू थी। गुरुवार का दिन तय होने के कारण अस्पताल में जिले भर से आए दिव्यांगों और उनके परिजनों की भारी भीड़ जुटती थी। दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों को भीषण गर्मी व ठंड में घंटों कतार में खड़े रहना पड़ता था और कई बार तो दिनभर इंतजार के बाद भी काम नहीं हो पाता था। अब प्रतिदिन प्रमाण पत्र बनने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अनावश्यक भीड़-भाड़ और लंबी लाइनों की परेशानी से भी हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
इन बीमारियों व समस्याओं के बनेंगे प्रमाण पत्र वर्तमान में जिला चिकित्सालय उमरिया में अस्थि बाधित (हड्डी रोग), लकवा (पैरालिसिस) तथा सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों व समस्याओं से पीडि़त मरीजों के प्रमाण पत्र जांच के बाद जारी किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा सभी कार्य दिवसों (वर्किंग डेज) में सुबह कार्यालयीन समय पर उपलब्ध रहेगी, जबकि शासकीय अवकाश के दिनों में यह सेवा बंद रहेगी।
सिविल सर्जन डॉ. के. सी. सोनी ने बताया कि जिला अस्पताल के उन्नयन और मरीजों की सुविधाओं में विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनमानस और जरूरतमंदों से अपील की है कि वे इस नई व्यवस्था की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि जिले के सभी पात्र दिव्यांगजन समय पर इस जनोपयोगी सुविधा का पूरा लाभ उठा सकें।
What's Your Reaction?