रिटायरमेंट की दहलीज पर खड़े ‘गुरुजी’ छेड़छाड़ के आरोप में आज पहुंचे जेल
उमरिया। उम्र...नौकरी से रिटायरमेंट की दहलीज पर थी, लेकिन आरोप ऐसा कि गुरु पद की गरिमा ही शर्मसार हो गई। जनपद मानपुर के शासकीय प्राथमिक शाला सुल्तानपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक पर छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता के गंभीर आरोप लगे हैं। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शिक्षक को आज मंगलवार को गिरफ्तार कर सम्मानीय न्यायालय में पेश किया है, खबर है कि उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
विडंबना देखिए, जिस उम्र में शिक्षक से बच्चों को अनुभव, संस्कार और सुरक्षा की सीख मिलने की उम्मीद होती है, उसी दौर में उन पर नाबालिग छात्राओं के साथ कथित आपत्तिजनक हरकतों के आरोप लगे। जिस स्कूल में गुरुजी को बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत करनी थी, वहां उनके आचरण पर ही सवाल खड़े हो गए।अतिसंवेदनशील इस मामले में शिकायती प्रपत्र के बाद ही तत्काल शिक्षा विभाग ने जांच कराई,और जांच प्रतिवेदन के बाद बिना देर किए शिक्षा विभाग ने 28 अगस्त को थाना इंदवार को एफआईआर की कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया और दूसरी तरफ इसी दिन विभाग ने उक्त शिक्षक को निलंबित भी कर दिया। इधर शिक्षा विभाग के पत्र के बाद सम्बंधित इंदवार पुलिस भी एक्टिव मोड पर आई,और 29 अगस्त को एफआईआर दर्ज कर दी।मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम और पॉक्सो एक्ट 2012 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है, जिसके बाद से ही ये पूरा मामला सुर्खियों में आ गया। कुल मिलाकर इस संवेदनशील मामले में विभागीय ततपरता और पुलिस की सक्रियता तारीफ के काबिल है।
रिटायरमेंट की दहलीज पर खड़े शिक्षक के लिए यह कार्रवाई निश्चित तौर पर गंभीर मोड़ है। जिस पद से सम्मान के साथ विदाई की उम्मीद होती है, उसी पद पर रहते हुए अब कानून के कटघरे तक पहुंचने की नौबत आ गई।
शिक्षक और छात्राओं के बीच विश्वास का रिश्ता बेहद पवित्र माना जाता है पर शिक्षकों पर इस तरह के आरोप निश्चित ही उस विश्वास को झकझोर देते हैं।
What's Your Reaction?