15 से 30 जुलाई तक चलेगा 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान
सीएम डॉ. मोहन यादव ने की जनभागीदारी की अपील
उमरिया। मध्यप्रदेश सरकार के 'नशा मुक्त मध्यप्रदेश' अभियान के तहत उमरिया जिले में भी 15 से 30 जुलाई तक "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नशा समाज, परिवार और युवा पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद कर देता है। मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त भारत' के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 तक देश को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य के अनुरूप प्रदेशभर में व्यापक अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है और जनसहयोग से ही इसमें सफलता मिलेगी।
उमरिया जिले में भी अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, शपथ ग्रहण, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां तथा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें, ताकि 'नशा मुक्त उमरिया' और 'नशा मुक्त मध्यप्रदेश' का संकल्प साकार हो सके।
What's Your Reaction?