बाबा साहब भारतीय बहुज्ञ, विधिवेत्ता, लेखक और समाज सुधारक थे-जिला प्रभारी मंत्री

Apr 14, 2026 - 22:38
 0  44
बाबा साहब भारतीय बहुज्ञ, विधिवेत्ता, लेखक और समाज सुधारक थे-जिला प्रभारी मंत्री

समाज के वंचितों के उत्थान के लिए भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर ने किया काम- विधायक मानपुर

आधुनिक भारत के निर्माण में डॉ.अम्बेडकर का योगदान अविस्मरणीय - विधायक बांधवगढ 

डॉ.भीमराव अंबेडकर का संपूर्ण जीवन संघर्ष, समता और प्रेरणा का स्रोत - कलेक्टर

उमरिया। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगल भवन परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन की व्यापक सहभागिता रही।

          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि बाबा साहब एक महान बहुज्ञ, विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, लेखक और समाज सुधारक थे। उन्होंने दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री तथा भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी रहे। मंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा और समानता के माध्यम से समाज में न्याय और समता की मजबूत नींव रखी, जो आज भी राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

          उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है।

          विधायक मानपुर सुश्री मीना सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सभी पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर कार्य किया। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सशक्त बनने का आह्वान किया।

          विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण सिंह ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में डॉ. अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की और समतामूलक समाज की परिकल्पना को साकार किया। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने कार्यक्रम में प्रस्तुत स्कूली बच्चों की नृत्य-नाटिका की सराहना करते हुए कहा कि बाबा साहब का पूरा जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। कलेक्टर ने महिलाओं की समाज में बढ़ती भागीदारी पर भी बल दिया।

          कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत तथा आशुतोष अग्रवाल ने भी डॉ. अंबेडकर के जीवन, शिक्षा और विचारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ हुआ तथा अंत में सुशील मिश्रा ने सफल संचालन किया।

          कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित आकर्षक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और समानता के सिद्धांतों पर आधारित बाबा साहब के विचार आज भी जनकल्याण के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री, कलेक्टर सहित अन्य जनों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत आयोजित हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता दर्ज कराते हुए हस्ताक्षर किए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow