खनन माफियाओं पर प्रशासन का प्रहार, अवैध परिवहन कर रहे दो वाहन जप्त

May 9, 2026 - 00:38
 0  50
खनन माफियाओं पर प्रशासन का प्रहार,  अवैध परिवहन कर रहे दो वाहन जप्त

उमरिया।  जिले में अवैध खनन और खनिजों के काले कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर राखी सहाय के सख्त निर्देशन में खनिज विभाग लगातार सघन जांच अभियान चलाकर अवैध उत्खनन परिवहन और भंडारण में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्यवाही कर रहा है। ताबड़तोड़ हो रही कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

          प्रभारी अधिकारी डॉ. विद्याकांत तिवारी, सहायक खनि अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी, खनि निरीक्षक प्रभात कुमार पट्टा एवं प्रभारी खनि निरीक्षक एन.एस. आर्मो के संयुक्त अमले द्वारा जिलेभर में लगातार भ्रमण कर अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में पाली तहसील अंतर्गत ग्राम चांदपुर तिराहा के पास वाहन क्रमांक MP65H3696 हाईवा को रोककर जांच की गई जिसमें ई-टीपी में दर्ज 16 घनमीटर गिट्टी की तुलना में लगभग 2 घनमीटर अतिरिक्त खनिज परिवहन पाया गया। नियमों की खुली अवहेलना सामने आने पर अमले ने तत्काल वाहन जप्त कर म.प्र. खनिज अवैध (खनन परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं करकेली तहसील के ग्राम उजान में खनिज अमले ने ट्रैक्टर क्रमांक MP54AA0972 को रेत परिवहन करते पकड़ा। जांच के दौरान चालक द्वारा कोई वैध ई-टीपी प्रस्तुत नहीं किया जा सका जिसके बाद वाहन को मौके पर ही जप्त कर लिया गया।

          लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने यह साफ कर दिया है कि प्रशासन अब अवैध खनन और परिवहन को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। वर्षों से खनिज संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले माफियाओं पर अब कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow