जिला पंचायत सभागृह में धूमधाम से मनाया गया लाड़ली लक्ष्मी उत्सव

May 3, 2026 - 22:46
 0  4
जिला पंचायत सभागृह में धूमधाम से मनाया गया लाड़ली लक्ष्मी उत्सव

नर्मदापुरम। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालनालय महिला एवं बाल विकास, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आज जिला पंचायत सभागृह, नर्मदापुरम में ‘लाडली लक्ष्मी उत्सव’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती नीतू यादव, अध्यक्ष नगरपालिका नर्मदापुरम एवं श्रीमती सीमा तिवारी, विधायक प्रतिनिधि महिला एवं बाल विकास उपस्थित रहीं। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ललित कुमार डेहरिया, सहायक संचालक श्री संजय कुमार जैन, परियोजना अधिकारी श्री प्रमोद गौर, पर्यवेक्षकगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं लाडली लक्ष्मी योजना की हितग्राही बालिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ‘लाडली लक्ष्मी वाटिका’ में “एक पेड़ लाडली के नाम” अभियान के अंतर्गत बालिकाओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया। साथ ही “नीर पखेरू अभियान” के तहत पक्षियों के लिए पेयजल हेतु सकोरे लगाए गए। इस अवसर पर बालिकाओं एवं अभिभावकों ने अपने-अपने घरों में भी सकोरे रखने एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु संकल्प लिया।

जिला पंचायत सभागृह में आयोजित कार्यक्रम का संचालन लाडली बालिकाओं कु. मुसहिरा खान एवं कु. समीक्षा मालवीय द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती नीतू यादव द्वारा सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बालिका भाग्यश्री ने गीत प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रंग भर दिया।

कार्यक्रम में लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित बालिकाओं—कु. मुस्कान विश्वकर्मा, कु. दिव्या कहार, कु. मुसहिरा खान, कु. समीक्षा मालवीय, कु. आरूषि शर्मा, कु. राखी कटारे सहित अन्य बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना के तहत विभिन्न कक्षाओं में मिलने वाली छात्रवृत्ति से उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिला है तथा आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है। बालिकाओं ने योजना के लिए मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बालिका दर्शना केवट, कु. गर्विता शर्मा, कु. ऋषिका कहार, कु. मिषिता नायर एवं कु. शिवांगी सिंह के अभिभावकों को 1.43 लाख रुपए के आश्वासन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं—कु. आरूषि शर्मा, कु. समीक्षा मालवीय, कु. मुसहिरा खान एवं कु. परवीन को प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती नीतू यादव ने बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती सीमा तिवारी ने भी बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके सर्वांगीण विकास की कामना की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ajay Singh Rajput District chief Narmadapuram