नब्बे मोड़ पर फिर हादसा-दो सगे भाई गंभीर
उमरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहपुरा मार्ग स्थित तमन्नारा के आगे मौजूद कुख्यात नब्बे मोड़ पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में मरदर निवासी दो चचेरे भाई बाइक सहित हादसे का शिकार हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार हादसे में बुधमान पिता लगन सिंह (23 वर्ष) एवं उनके चचेरे भाई विनोद पिता नत्थू सिंह (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर 108 एम्बुलेंस पहुंची, जिसके बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल लाया गया। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी आबिद शेख एवं पायलट संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
गौरतलब है कि तमन्नारा के आगे स्थित यह नब्बे मोड़ पहले से ही एक्सीडेंट पॉइंट के रूप में जाना जाता है। यहां पूर्व में भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
What's Your Reaction?