एकता युवा शक्ति संगठन का भव्य शुभारंभ, बेरोज़गारी के खिलाफ युवाओं को संगठित करने का संकल्प
उमरिया। जिले में सामाजिक एवं युवा चेतना को नई दिशा देने वाले "एकता युवा शक्ति संगठन" का विधिवत शुभारंभ कृष्णा रेस्टोरेंट, उमरिया में किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के संस्थापक मो. असलम शेर के नेतृत्व में संगठन के चिन्ह एवं उद्देश्यों को हाथों में लेकर संगठन की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस अवसर पर संगठन की रूपरेखा, विचारधारा एवं भावी कार्ययोजना को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। संगठन का मुख्य उद्देश्य बेरोज़गार युवाओं एवं जनमानस को उनके हक़ और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। विशेष रूप से बढ़ती युवा बेरोज़गारी को केंद्र में रखते हुए संगठन शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के मुद्दों पर निर्णायक भूमिका निभाएगा। एकता युवा शक्ति संगठन युवाओं को एकजुट कर उन्हें सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
युवा जागेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा -मो. असलम शेर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक मो. असलम शेर ने कहा आज देश और समाज की सबसे बड़ी समस्या बेरोज़गारी है। पढ़ा-लिखा युवा भटक रहा है, एकता युवा शक्ति संगठन उसी आवाज़ को ताक़त देने के लिए बना है। उन्होंने आगे कहा कृष्णा रेस्टोरेंट उमरिया से शुरू हुआ यह संगठन युवाओं के हक़, सम्मान और रोजगार की लड़ाई को नई दिशा देगा। हम धर्म, जाति और वर्ग से ऊपर उठकर केवल एकता और इंसानियत के आधार पर काम करेंगे। मो. असलम शेर ने स्पष्ट किया कि संगठन एकता, सहयोग और समर्पण के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए युवाओं को नेतृत्व, अवसर और मंच प्रदान करेगा कार्यक्रम के शुभारंभ में सैकड़ों की संख्या में युवा व आमजन ने भाग लिया।
What's Your Reaction?