लोकायुक्त की कार्यवाही : मंदिर में रिश्वत लेते पकड़े गए “भगवान”, मचा हड़कंप

आगर मालवा। मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है जिसमें एक भगवान नाम का शख्स मंदिर में पूजन करने पहुंचा था, जहां उसने 11 हजार की रिश्वत ली है। लोकायुक्त टीम ने उस शख्स को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की है।
मामला आगर मालवा जिले के कंवराखेड़ी पंचायत से जुड़ा है। यहां पर पदस्थ रोजगार सहायक भगवान सिंह सोंधिया फरियादी से पीएम आवास की राशि जारी करने के बदले 15 हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसमें फरियादी राजेश दांगी ने 4 हजार पहले दे दिए थे। बाकी की राशि 11 हजार के लिए रोजगार सहायक फरियादी के ऊपर दबाव बना रहा था, जिसकी शिकायत फरियादी ने लोकायुक्त से कर दी।
लोकायुक्त ने फरियादी की शिकायत का सत्यापन कराया और सही पाए जाने पर उसने रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक टीम गठित कर दी। प्लान के मुताबिक फरियादी ने रोजगार सहायक को बाकी की राशि देने के लिए फोन लगाया जिसमें उसने कहा कि वह उज्जैन के शनि मंदिर में पूजा करने आया है वहीं आकर बाकी की रिश्वत 11000 दे दे।
इसके बाद फरियादी राजेश दांगी उज्जैन के शनि मंदिर पहुंचकर रोजगार सहायक भगवान सिंह सोंधिया को रिश्वत की राशि ₹11000 जैसे ही दिए उसके तुरंत बाद लोकायुक्त ने मंदिर प्रांगण में ही रिश्वतखोर रोजगार सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त ने रिश्वतखोर रोजगार सहायक के खिलाफ मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की है।
What's Your Reaction?






