तालाब में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, 2 मार्च से लापता था युवक
उमरिया। जिले के चंदिया थाना अंतर्गत ग्राम अखड़ार के तालाब में गुरुवार को एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान झापी बिलासपुर निवासी जमुना कोल पिता पंजू कोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक 2 मार्च की शाम करीब 8 बजे अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने बिलासपुर पुलिस चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गुरुवार 5 मार्च को करीब 3:30 से करीब 4 बजे के बिच में अखड़ार के तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत चंदिया पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराई, जिसमें मृतक की पहचान जमुना कोल के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को चंदिया थाना लाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाना परिसर में एकत्र हो गए और मृतक की मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष इं. विजय कोल ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। वहीं एसडीओपी पी.एल. परस्ते ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
What's Your Reaction?