भीषण सड़क हादसे में बाईक सवार गंभीर
उमरिया /चंदिया। नगर के NH-43 स्थित बांका चौराहा के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी डेढ़ साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम भुंडी (तहसील चंदिया) निवासी राजीव कोल पिता इंद्रभान कोल अपनी पत्नी सरस्वती कोल और डेढ़ वर्षीय पुत्री त्रिसा कोल के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल ग्राम करेला (जिला कटनी) से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बांका मोड़ (चंदिया) के पास पहुंचे, कटनी की ओर से आ रही 407 मालवाहक वाहन क्रमांक CG-10-AF-2825 ने बाइक को बगल से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजीव और उनकी पत्नी सरस्वती कोल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि डेढ़ साल की बच्ची त्रिसा के सिर में गंभीर चोट आई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदिया लाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल उमरिया रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस द्वारा वाहन और हादसे के संबंध में जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?