LPG गैस सिलेंडर की आपूर्ति हेतु सभी कलेक्टर सतत मॉनिटरिंग करें मुख्य सचिव

Mar 12, 2026 - 23:05
 0  10
LPG गैस सिलेंडर की आपूर्ति हेतु सभी कलेक्टर सतत मॉनिटरिंग करें मुख्य सचिव

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर के उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि प्रदेश में कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह से उत्पन्न होने वाली कानून व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में पेट्रोलिंग बढ़ाएं, ताकि गैस सिलेंडर की आपूर्ति को बाधित करने जैसे किसी भी प्रयास को समय रहते विफल किया जा सके।

मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा पूरे प्रशासनिक अमले को संवेदनशील बनाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर बुकिंग के सेंट्रल सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण कुछ समय के लिए आई दिक्कत को दूर कर लिया गया है और अब बुकिंग एवं आपूर्ति की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहेगी।

मुख्य सचिव श्री जैन ने यह भी निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी कलेक्टर यह सुनिश्चित करें कि नागरिकों के बीच किसी भी प्रकार की अनावश्यक भ्रांति की स्थिति उत्पन्न न हो। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस थोटा, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर अनिल जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ajay Singh Rajput District chief Narmadapuram