अंतरराज्यीय चंदन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार, 63 किलो चंदन और बोलेरो जब्त

शहडोल। इस समय चंदन लकड़ी की तस्करी लगातार बढ़ते जा रही है। इसी बीच शहडोल जिले के सिंहपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आज अंतरराज्यीय चंदन तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सस्दयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 63 किलो चंदन की लकड़ी और एक बोलेरो गाड़ी जब्त की गई है। जब्त माल की कीमत 18 लाख रुपए आंकी गई है। पकड़े गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश और बिहार के बताए जा रहे है।
पुलिस के अनुसार, 7 जून को शोभनाथ बैगा निवासी सिंहपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी जमीन पर लगे 20-25 चंदन के पेड़ चोरी हो गए है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी तरह सिंहपुर निवासी अजीत कुशवाहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन पर लगे चंदन के पेड़ को 29 जून की रात को चोरी हो गए हैं। सोहागपुर थाने में आशीष कुशवाहा निवासी गढ़ी सोहागपुर ने रिपोर्ट किया था कि उसकी जमीन पर लगे चंदन के पेड़ को अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया था।
चंदन के पेड़ों की चोरियों को लेकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में चंदन लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंदन की तस्करी कर रहे आरोपी विशाल सिंह उम्र 35 पिता स्व. संजय सिंह जिला देवड़िया उत्तप्रदेश निवासी, उमाशंकर उम्र 48 पिता दीनानाथ साहू जिला सिवान बिहार निवासी और अर्जुन बारी पिता शंभु बारी निवासी जिला सिवान बिहार को धर दबोचा। इनके पास से 63 किलो चंदन की लकड़ी और तस्करी में प्रयोग बोलेरो को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source: online.
What's Your Reaction?






