भव्य जन्मोत्सव के साथ होगा तुलादान एवं विशाल भंडारा
श्रीराम कथा, श्रीराम यज्ञ और संकीर्तन से भक्तिमय हुआ श्री हनुमंत कुंज आश्रम, श्रद्धालुओं में उत्साह
मानपुर/उमरिया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र श्री हनुमंत कुंज आश्रम शिवपुरी छपोड़, मानपुर में सतगुरुदेव भगवान अनंत श्री विभूषित पूज्यपाद स्वामी संत शरण जी महाराज का 99वां जन्म महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ 17 नवंबर 2026, मंगलवार (गोपाष्टमी) को मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर पूजन, भव्य जन्मोत्सव समारोह, बधाइयां, रंगवर्षा, तुलादान एवं विशाल भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है। कार्यक्रम के अंतर्गत 12 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक श्रीराम कथा एवं श्रीराम यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। वहीं 11 नवंबर से 17 नवंबर तक संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में सहभागिता कर रहे हैं।
17 नवंबर को सतगुरुदेव भगवान के प्राकट्य दिवस के अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन के साथ भव्य जन्मोत्सव समारोह आयोजित होगा। इस दौरान भक्तजन अपने आराध्य गुरुदेव के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त करते हुए बधाइयां देंगे। रंगवर्षा, तुलादान और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में कथा प्रवक्ता स्वामी श्री गुरु प्रसन्न दास जी महाराज, हनुमत शक्ति पीठ कुटुम्बी धाम (खजुरिताल), जिला मैहर के श्रीमुख से श्रीराम कथा का श्रवण करने का अवसर भी श्रद्धालुओं को मिल रहा है। यज्ञाचार्य डॉ. बी.सी. शास्त्री जी महाराज एवं अन्य संत-महात्माओं की उपस्थिति भी आयोजन को विशेष धार्मिक स्वरूप प्रदान कर रही है।
आयोजकों की ओर से क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा जन्मोत्सव समारोह में सहभागी बनने की अपील की गई है। कार्यक्रम स्थल: श्री हनुमंत कुंज आश्रम, शिवपुरी छपोड़, मानपुर, जिला उमरिया (मध्य प्रदेश)। मुख्य आयोजन: 17 नवंबर 2026, मंगलवार (गोपाष्टमी)।
What's Your Reaction?