राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर हिंदू मुस्लिम एकता मंच ने पत्रकारों का किया सम्मान, माल्यार्पण कर डायरी भेंट कर दी प्रेस दिवस की शुभकामनाएं
पत्रकार देश, समाज और आमजन को सच का आईना दिखाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं – मो. असलम शेर
उमरिया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर हिंदू मुस्लिम एकता मंच द्वारा जिले के पत्रकारों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए सराहनीय पहल की गई। हिंदू मुस्लिम एकता मंच के सदस्यों ने पत्रकारों के घर एवं कार्यालय पहुंचकर उनका माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह के रूप में डायरी भेंट कर राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर हिंदू मुस्लिम एकता मंच के संस्थापक मो. असलम शेर ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है। पत्रकार समाज की समस्याओं, लोगों की आवाज और जनहित के मुद्दों को निष्पक्षता एवं निर्भीकता के साथ आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। पत्रकार दिन-रात मेहनत कर समाज को जागरूक करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके योगदान और समर्पण का सम्मान सदैव होना चाहिए। हिंदू मुस्लिम एकता मंच सदैव पत्रकारों के सम्मान और सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। मंच के सदस्यों ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी कलम की ताकत समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करती है।
इस अवसर पर हिंदू मुस्लिम एकता मंच के हनीफ खान, मो. मंसूर, आलोक पाण्डेय, कृष्ण कांत तिवारी, कासिम खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?