लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत प्रबुद्ध जन एवं नागरिक संगोष्ठी आयोजित
विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और झूठे नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब दें – मिथलेश पयासी
उमरिया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत जिला मुख्यालय उमरिया स्थित रानी दुर्गावती भवन में बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की प्रबुद्ध जन एवं नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नगर के व्यापारी, अधिवक्ता, समाजसेवी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता की। संगोष्ठी में विपक्ष द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर फैलाए जा रहे आरोपों पर चर्चा करते हुए जन-जागरण का आह्वान किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि विपक्षी दल कथित विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में भ्रम और झूठ का नैरेटिव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। SIR जैसी संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर वोट चोरी और मतदाताओं को वंचित करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर युवाओं को भ्रमित करने तथा देश में अविश्वास का वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह सजग रहे, तथ्यों के आधार पर विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करे और उसके षड्यंत्रों को जनता के सामने उजागर करे। उन्होंने कहा कि यदि देश को भ्रम और अराजकता के वातावरण में उलझाया गया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को भी नुकसान पहुंचेगा। यह समय सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर भ्रामक प्रचार का तथ्यपूर्ण जवाब देने और सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं व्यापारी जगत नारायण गुप्ता ने कहा कि आज की संगोष्ठी अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश ने पिछले 10 से 15 वर्षों में व्यापक परिवर्तन देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है और देश का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न, किसानों को फसल बीमा एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इसके बावजूद विपक्ष झूठे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का जागरूक और सजग रहना आवश्यक है।
कैट के अध्यक्ष कीर्ति सोनी ने भाजपा संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें इस महत्वपूर्ण मंच पर अपने विचार रखने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहल से व्यापार जगत को नई दिशा और गति मिली है। डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलने से व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता आई है और छोटे व्यापारियों को भी नए अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति और व्यापारिक विकास के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा पूरे देश में यह नैरेटिव फैलाने का प्रयास किया जा रहा है कि SIR के माध्यम से वोट चोरी हुई है और चुनावों में अनियमितता के जरिए जीत हासिल की गई है। जबकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक सतत लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जो पहले से होती आई है। कांग्रेस के शासनकाल में भी इस प्रकार की प्रक्रियाएं संचालित होती रही हैं, लेकिन उस समय इस तरह का विरोध और हंगामा नहीं किया गया। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज कांग्रेस के पास जनहित से जुड़े ठोस मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर और भ्रामक प्रचार के सहारे राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता मिथलेश पयासी ने कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर विपक्षी दल अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बदलती तस्वीर को स्वीकार करने के बजाय झूठे आरोपों का सहारा ले रहे हैं। विपक्ष यह प्रचार कर रहा है कि मोदी सरकार ने वोट चोरी के माध्यम से सत्ता हासिल की है और SIR के जरिए करोड़ों मतदाताओं के नाम काटकर उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। इस प्रकार के आरोपों के माध्यम से देश में भ्रम और अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि SIR मतदाता सूची को व्यवस्थित एवं अद्यतन करने की एक सतत प्रक्रिया है। भाजपा ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाकर वास्तविक तथ्यों को सामने रखने और विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराए और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यों के साथ पर्दाफाश करे।
संगोष्ठी के माध्यम से उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों से लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर जागरूक रहने तथा किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास करने से पहले तथ्यों की पड़ताल करने की अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष सुमित गौतम ने किया और आभार प्रदर्शन जिला मंत्री शैलेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष धनुषधारी सिंह अमित सिंह, पूजा बैगा, कपूरिया बाई, वरिष्ठ नेता शंभूलाल खट्टर नगर मंडल अध्यक्ष नीतू सिंह पुष्पेंद्र सिंह रघुवंशी शैलेंद्र कुमार द्विवेदी पुष्पेंद्र सोनी विनोद सिंह राजेश यादव सहित भाजपा के समस्त पदाधिकारी समस्त मंडल अध्यक्ष मंडल पदाधिकारी एवं बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई प्रबुद्ध जन और नागरिक गण उपस्थित थे।
What's Your Reaction?