अमहाईधार में मिला तेंदुए का शव, पास में मृत पड़ी थी गाय
शिकार को लेकर दो वन्यजीवों के बीच हुई भिड़ंत में तेंदुए की मौत की आशंका,वन विभाग ने शुरू की जांच
उमरिया। घुनघुटी वन परिक्षेत्र अंतर्गत कांचोदर बीट के अमहाईधार में रविवार देर शाम एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के नजदीक एक पालतू गाय का शव भी पड़ा मिला है। एक ही स्थान पर दो वन्यजीवों और मवेशी की मौत से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गाय के शिकार को लेकर तेंदुए और बाघ के बीच संघर्ष हुआ होगा,जिसमें तेंदुए की जान चली गई, तेंदुवा करीब 07 से 10 वर्ष का बताया जा रहा है। घटना स्थल के करीब टाइगर के पदमार्ग भी मिलने की खबर है, हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और अमला मौके पर पहुंचा तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।तेंदुए का शव कांचोदर बीट के आरएफ-233 क्षेत्र में मिला है। वन अधिकारी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल वन विभाग द्वारा जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर तेंदुए के शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि तेंदुए की मौत बाघ से संघर्ष के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
What's Your Reaction?