कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए प्रदेश संगठन महामंत्री
उमरिया। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में शनिवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शामिल हुए। बैठक में कोर कमेटी के सदस्य जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, संभागीय संगठन प्रभारी गौरव सिरोठिया, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा, पटेल और जिले के दोनों विधायक सुश्री मीना सिंह और शिवनारायण सिंह शामिल रहे।
दरअसल प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर उमरिया जिले के प्रवास पर रहे हैं जहां उन्होंने भाजपा की जिला बैठक में शामिल होकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इसके पश्चात भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कोर कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चंद्रशेखर ने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं और सुझावों को भी संगठन के माध्यम से शासन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। इसके अलावा बैठक में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने पक्ष रखे हैं।
What's Your Reaction?