मछली पकड़ने नदी में उतारा करंट, युवक की मौत; शव गड्ढे में दफनाया

Sep 13, 2026 - 23:23
 0  4
मछली पकड़ने नदी में उतारा करंट, युवक की मौत; शव गड्ढे में दफनाया

गौकरण सिंह की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

उमरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मगरधरा में मछली पकड़ने के लिए नदी के पानी में विद्युत करंट प्रवाहित करने के दौरान युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को नदी के पास गड्ढे में डालकर मिट्टी से दफना दिया था।

          पुलिस के अनुसार, गौकरण सिंह के 5 सितंबर से लापता होने की रिपोर्ट 8 सितंबर को दर्ज कराई गई थी। अगले दिन मगरधरा में नदी के पास बदबू आने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी में दबे शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान गौकरण सिंह के रूप में हुई।

          मामले की जांच और पूछताछ में सामने आया कि भारत सिंह उम्र 21 वर्ष और वेंकट रमन उम्र 28 वर्ष, दोनों निवासी मगरधरा, ने गौकरण के साथ मिलकर नदी में करंट प्रवाहित कर मछली पकड़ने की योजना बनाई थी। भारत सिंह ने अपने घर से नदी तक विद्युत तार पहुंचाया, जबकि वेंकट रमन ने तार को दूसरे तार से जोड़कर नदी के पानी में करंट प्रवाहित किया। इसी दौरान गौकरण करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

          मौत के बाद दोनों आरोपियों ने शव को नदी के पास गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढक दिया और मौके से फरार हो गए।  पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कल दिनांक 12 सितंबर को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।वहीं कोतवाली पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow