17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान
पीएम मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएंगे - सांसद हिमाद्री सिंह
उमरिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस एवं उनके 25 वर्षों के गौरवपूर्ण सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।इस संबंध में आज दोपहर 12:30 बजे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने संबोधित किया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शहडोल संसदीय क्षेत्र की संसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं। 7 अक्टूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और 26 मई 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने निरंतर राष्ट्र एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यह यात्रा केवल राजनीतिक उपलब्धियों की यात्रा नहीं, बल्कि गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की यात्रा है। इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
श्रीमति सिंह ने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को समाज के सामने लाया जाएगा, ताकि लोगों को यह जानकारी मिल सके कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में किस प्रकार व्यापक परिवर्तन आया है। भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से परिवारों द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा तथा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाएंगे -आशुतोष अग्रवाल
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ेंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिक सेवा कार्यों में अपना योगदान देंगे तथा ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों एवं निजी विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं के साथ कार्यक्रम आयोजित कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा स्वास्थ्य, पोषण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ सेवा संकल्प अभियान की आधार भावना है।
What's Your Reaction?