विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण संपन्न, सामाजिक अभियानों को गति देने पर जोर
उमरिया/मानपुर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में संवाद योजना अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों की विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 6 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत सभागार, मानपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं को परिषद की योजनाओं, शासन के निर्देशों तथा सामाजिक विकास गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत मानपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित कुमार सिरोठिया रहे। अध्यक्षता मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक शहडोल भीम सिंह डामोर ने की, जबकि जिला समन्वयक उमरिया रविन्द्र कुमार शुक्ल सहित परिषद के अधिकारी, परामर्शदाता, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सभी प्रतिभागियों का परिचय कराया गया तथा बैठक के उद्देश्य और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई। विकासखंड समन्वयक श्री महेन्द्र सिंह तराम ने प्रशिक्षण सत्र में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रत्येक ग्राम में नशामुक्ति अभियान चलाने, स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं बीजारोपण, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने, समितियों के अभिलेखों का नियमित संधारण, नवांकुर संस्थाओं के सहयोग से दस्तावेजीकरण तथा परिषद की गतिविधियों को समयबद्ध रूप से एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही 12 अगस्त को आयोजित हरियाली यात्रा, नवांकुर सखी कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक अभियानों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्हें सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक रविन्द्र कुमार शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में प्रस्फुटन समितियों और समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता जैसे अभियानों में जनभागीदारी बढ़ाने का आग्रह किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में संभाग समन्वयक भीम सिंह डामोर ने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज की सहभागिता से विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने सभी समितियों से शासन के निर्देशों के अनुरूप नियमित कार्य, प्रतिवेदन एवं दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौधरोपण अभियान संचालित कर "नीम ग्राम" विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिषद सभी समितियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता कल्याण यादव ने किया। कार्यक्रम की सफलता में सभी परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने परिषद की योजनाओं एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से आगामी कार्यक्रमों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की गई, जिससे विकासखंड मानपुर में जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान तथा नशामुक्ति जैसे जनहितकारी अभियानों को और अधिक गति मिलेगी।
What's Your Reaction?